IPL 2025 में गुजरात का सफर समाप्त, मुंबई ने 20 रनों से दी मात; अब क्वालिफायर-2 में पंजाब से सामना

चंडीगढ़ में खेले गए एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 228 रन बनाए। जवाब में गुजरात निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर सिर्फ 208 रन बना पाई। उनके लिए साई सुदर्शन ने 80 रन बनाए। मुंबई ने यह मैच 20 रन से जीत लिया और क्वालिफायर-2 में प्रवेश कर लिया।

मुंबई ने गुजरात को हराया

मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली टीम क्वालिफायर-2 में पहुंच गई है। अब उसका सामना एक जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्स से होगा। शुक्रवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एलिमिनेटर मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 228 रन बनाए। जवाब में गुजरात निर्धारित ओवरों में छह विकेट खोकर सिर्फ 208 रन बना पाई। उनके लिए साई सुदर्शन ने 80 रन बनाए।

गुजरात की शुरुआत झटके के साथ हुई थी। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ एक रन बना पाए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद क्रीज पर आए कुसल मेंडिस हिट विकेट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने साई सुदर्शन के साथ 34 गेंदों में 64 रनों की साझेदारी निभाई। इसमें मेंडिस का 20 रनों का योगदान रहा। फिर सुदर्शन को वाशिंगटन सुंदर का साथ मिला। दोनों के बीच 44 गेंदों में 84 रनों की साझेदारी हुई। सुंदर ने 48 और सुदर्शन ने 80 रन बनाए। वहीं, रदरफोर्ड ने 24, शाहरुख खान ने 13 रन बनाए। राहुल तेवतिया 16 और राशिद खान खाता खोले बिना नाबाद रहे। मुंबई इंडियंस के लिए ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट लिए जबकि जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन, मिचेल सैंटनर और अश्विनी कुमार ने एक-एक विकेट झटके।

इससे पहले, रोहित शर्मा और जॉनी बेयरस्टो की सलामी जोड़ी ने मुंबई को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई। साई किशोर ने इस मैच में डेब्यू करने वाले बेयरस्टो को गेराल्ड कोएत्जी के हाथों कैच कराया। वह 22 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। दोनों ने 34 गेंदों में 59 रन जोड़े। इस दौरान सूर्यकुमार ने 20 गेंदों का सामना किया और 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे।